खेल

पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर को ‘ISIS कश्मीर’ का मेल, जान से मारने की मिली धमकी

भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर को ‘आईएसआईएस कश्मीर’ (ISIS Kashmir) नाम के एक मेल आईडी से जान से मारने की धमकी मिली है. इस धमकी भरे मेल के बाज पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने राजेंद्र नगर थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई है.

 

दिल्ली पुलिस ने कहा, हमें गौतम गंभीर से जुड़े एक ईमेल आईडी पर कथित धमकी भरे मेल के बारे में जानकारी मिली है. इसकी जांच की जा रही है. उन्हें पहले से ही दिल्ली पुलिस की सुरक्षा मिली हुई है, और हम विशिष्ट सुरक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी नहीं करते हैं.

 

बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद गौतम गंभीर ने कड़े शब्दों में इसकी निंदा की थी. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बीजेपी नेता गौतम गंभीर ने इस आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा था कि भारत इस कायराना हरकत का जवाब देगा.

गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था कि मृतकों के परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं. इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी. भारत हमला करेगा.

 

बताया जा रहा है कि धमकी भरे यह ईमेल गौतम गंभीर को नहीं बल्कि उनके एक स्टाफ को मिला है. पिछले 22 अप्रैल को दोहपर दो बजे से शाम सात बजे के बीच उनके एक स्टाफ को ‘आईएसआईएस कश्मीर’ की तरफ से दो ईमेल प्राप्त हुए. जिसके बाद से उनके घर में डर का माहौल है.

 

यह पहली बार नहीं है जब बीजेपी के पूर्व सांसद गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी मिली है. वह पहले भी सुरक्षा चिंताओं को लेकर चर्चा में रहे हैं. हालांकि, इस बार मामला ज्यादा गंभीर इसलिए बताया जा रहा है, क्योंकि उन्हें किसी आतंकवादी संगठन के नाम से धमकी मिली है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button