विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी, ईरान से लौटे 517 भारतीय नागरिक

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 517 भारतीय नागरिक ईरान से स्वदेश लौट चुके हैं। मंत्रालय ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण भारत ने बुधवार को ऑपरेशन सिंधु की शुरुआत की थी, ताकि वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सके। शुक्रवार देर रात और शनिवार तड़के कई भारतीय छात्र और तीर्थयात्री विशेष फ्लाइट के जरिए दिल्ली पहुंचे।
#OperationSindhu continues.
A special evacuation flight from Ashgabat, Turkmenistan landed in New Delhi at 0300 hrs on 21st June, bringing Indians from Iran home.
With this, so far 517 Indian nationals from Iran have returned home under Operation Sindhu. pic.twitter.com/xYfpoxwJtw
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) June 21, 2025
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने बताया कि 290 भारतीयों को ईरान से एक चार्टर फ्लाइट के माध्यम से निकाला गया। यह फ्लाइट 20 जून को रात 11:30 बजे दिल्ली पहुंची। एयरपोर्ट पर इन यात्रियों का स्वागत मंत्रालय के सचिव अरुण चटर्जी ने किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार ईरान सरकार के सहयोग के लिए आभार प्रकट करती है।
एक अन्य फ्लाइट अशग़ाबात, तुर्कमेनिस्तान से 21 जून की सुबह 3 बजे दिल्ली पहुंची, जिसमें ईरान से निकाले गए और भारतीय नागरिक सवार थे। इस फ्लाइट के बाद कुल 517 भारतीय नागरिक अब तक ऑपरेशन सिंधु के तहत भारत लौट चुके हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने भी स्वदेश लौटे नागरिकों का स्वागत किया और उनकी सुरक्षित वापसी पर संतोष जताया। सरकार का कहना है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित घर नहीं लौट जाते।





