विदेश

विदेश मंत्री एस. जयशंकर की चीन यात्रा: सीमा तनाव से लेकर वैश्विक स्थिरता तक पर चर्चा

बीजिंग में चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ मुलाकात के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य करने की दिशा में हुई प्रगति पर संतोष जताया और सीमा से जुड़े मुद्दों के समाधान पर बल दिया। इस मुलाकात में वैश्विक और क्षेत्रीय मामलों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

जयशंकर ने कहा कि भारत और चीन के बीच संबंधों की स्थिरता केवल दोनों देशों के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए लाभकारी हो सकती है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को आपसी सम्मान, साझा हितों और संवेदनशीलता के आधार पर अपने रिश्तों को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को मजबूती से अपनाएगा। जयशंकर ने यह भी कहा कि कल शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और सहयोग से जुड़े मुद्दों पर और गहराई से चर्चा होगी।

भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर जयशंकर ने कहा कि पिछले नौ महीनों में सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखने के प्रयासों की वजह से द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक प्रगति देखने को मिली है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि अब बाकी लंबित मुद्दों पर भी ध्यान देना जरूरी है ताकि तनाव और अधिक कम किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और चीन पड़ोसी देश हैं और वैश्विक स्तर पर दोनों की अहम भूमिका है। ऐसे में व्यापार और आपसी संपर्क बढ़ाने के प्रयासों में किसी भी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।

जयशंकर ने कहा कि प्रतिस्पर्धा को कभी भी संघर्ष में नहीं बदलने देना चाहिए और मतभेदों को विवाद बनने से रोकना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों को अपने संबंधों को दूरदर्शिता के साथ आगे बढ़ाना चाहिए। एससीओ की अध्यक्षता के लिए चीन को शुभकामनाएं देते हुए जयशंकर ने उम्मीद जताई कि संगठन की बैठक में अच्छे नतीजे निकलेंगे। उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2024 में कजान में दोनों देशों के नेताओं की हुई बैठक के बाद से भारत-चीन संबंधों में धीरे-धीरे सकारात्मक दिशा में बदलाव आया है, जिसे बनाए रखना दोनों पक्षों की जिम्मेदारी है।

जयशंकर ने यह भी बताया कि हाल के महीनों में भारत और चीन ने कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर संवाद को बढ़ावा दिया है और अब उम्मीद है कि यह सिलसिला एक-दूसरे के देशों में भी जारी रहेगा। इस मौके पर उन्होंने कैलाश मानसरोवर यात्रा को पांच साल बाद फिर से शुरू किए जाने पर चीनी पक्ष का धन्यवाद भी दिया। उन्होंने बताया कि इस साल भारत-चीन के कूटनीतिक संबंधों के 75 साल पूरे हो रहे हैं और यह दोनों देशों के लिए ऐतिहासिक अवसर है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button