मुस्तफिजुर रहमान विवाद के बाद बांग्लादेश का बड़ा फैसला, IPL पर लगाया प्रतिबंध

ढाका: बांग्लादेश सरकार ने रविवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने देश में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्रसारण और विज्ञापन पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगा दिया है. यह निर्णय कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को हटाए जाने के बाद लिया गया है.
5 जनवरी को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आईपीएल से संबंधित सभी प्रसारण और इवेंट कवरेज तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं. अगले आदेश तक यह निलंबन जारी रहेगा. सरकारी बयान में कहा गया है कि यह निर्णय ‘जनहित’ में लिया गया है.

विवाद की पृष्ठभूमि
भारत और बांग्लादेश के बीच जारी तनाव के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देशों पर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2025 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से रिलीज कर दिया गया था. पिछले महीने हुई खिलाड़ियों की नीलामी में केकेआर ने बाएं हाथ के इस 30 वर्षीय तेज गेंदबाज को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि उनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था. चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ कड़ी बोली प्रक्रिया के बाद केकेआर इस खिलाड़ी को अपनी टीम से जोड़ने में सफल हुआ था.
BCB की आपातकालीन बैठक
मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटाए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शनिवार को जूम पर एक मीटिंग की और रविवार को एक इमरजेंसी बोर्ड मीटिंग बुलाई. इससे पहले बीसीबी ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) से मेंस टी20 विश्व कप 2026 के अपने सभी मुकाबले भारत के बाहर किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करवाने का अनुरोध किया है.
यह प्रतिबंध दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों में एक नया मोड़ है और आईपीएल के प्रसारणकर्ताओं और विज्ञापनदाताओं के लिए एक बड़ा झटका है.





