आशीष चंचलानी की नई थ्रिलर वेब सीरीज ‘एकाकी’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज

लोकप्रिय एक्टर और निर्देशक आशीष चंचलानी ने अपनी नई वेब सीरीज ‘एकाकी’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया है। खास बात यह है कि इस थ्रिलर सीरीज का निर्माण और निर्देशन आशीष खुद कर रहे हैं। ‘एकाकी’ एक अनोखा मिक्स होगी — इसमें हॉरर और कॉमेडी का रोमांचक मेल देखने को मिलेगा।
View this post on Instagram
पोस्टर शेयर करते हुए आशीष ने लिखा, “हम आप सभी को इस साल एक ट्रिप पर दिल से बुला रहे हैं। बस याद रखना, ‘एकाकी’ में रहकर आप कभी अकेले नहीं रहेंगे।” पोस्टर में आशीष लालटेन लिए एक सुनसान रास्ते पर जाते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके सामने कई हाथ दिखाई दे रहे हैं, मानो उन्हें बुला रहे हों। इसके अलावा, सीरीज के अन्य कलाकारों के पोस्टर भी सामने आए हैं, जिन पर लिखा है, “आप कभी भी अकेले नहीं थे।”
‘एकाकी’ में आकाश डोडेजा, हर्ष राणे, सिद्धांत सरफरे, शशांक शेखर, रोहित साधवानी और ग्रिशिम नवानी जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह सीरीज एसीवी स्टूडियोज के यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगी। फर्स्ट लुक पोस्टर के बाद से ही फैंस में सीरीज को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
पोस्टर पर फैंस के कमेंट भी तेजी से आ रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “एकाकी का मतलब बंगाली में अकेला होता है।” वहीं एक अन्य ने कहा, “बहुत अच्छा दिख रहा है।” किसी ने आशीष को बधाई दी तो किसी ने लिखा, “अब मजा आएगा न बिडू।”
अब सभी को ‘एकाकी’ की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।





