फरहान अख्तर का दमदार अवतार — क्या आपने देखा ‘120 बहादुर’ का टीजर?

अभिनेता फरहान अख्तर की अपकमिंग फिल्म ‘120 बहादुर’ का टीजर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। इस फिल्म में फरहान, 1962 के भारत-चीन युद्ध के नायक और परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका निभा रहे हैं। टीजर में भारतीय सैनिकों की वीरता और त्याग को भावनात्मक अंदाज में दिखाया गया है। इसमें 18 नवंबर 1962 को रेजांग ला में हुई ऐतिहासिक लड़ाई के दृश्यों की झलक देखने को मिलती है। फरहान अख्तर के डायलॉग — “ये वर्दी सिर्फ हिम्मत नहीं, बलिदान भी मांगती है। हम पीछे नहीं हटेंगे।” — टीजर की खास बातों में से एक है।
फिल्म की कहानी 1962 के उस संघर्ष को दर्शाती है, जब महज 120 भारतीय सैनिकों ने हजारों चीनी सैनिकों का बहादुरी से सामना किया था। यह लड़ाई मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में लड़ी गई थी और आज भी भारतीय सैन्य इतिहास की सबसे गौरवशाली गाथाओं में गिनी जाती है। फिल्म का टीजर जोया अख्तर ने भी अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है और कैप्शन में लिखा — “ये वर्दी सिर्फ हिम्मत नहीं, बलिदान भी मांगती है।” उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फिल्म 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
View this post on Instagram
फिल्म की शूटिंग लद्दाख की ऊंची और दुर्गम पहाड़ियों पर की गई है, जहां तापमान -10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। फिल्म से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, इसकी अधिकतर शूटिंग 14,000 फीट की ऊंचाई पर की गई, ताकि युद्ध के माहौल को यथार्थ रूप में दर्शाया जा सके।
‘120 बहादुर’ का निर्देशन रजनीश रजी घई ने किया है और इसे फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी और अमित चंद्रा ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफल होगी, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी देशभक्ति की भावना और गर्व का संचार करेगी।





