फैक्ट चेक: राजस्थान में एक इमारत पर भगवा झंडा लहराते शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे के साथ हुआ वायरल

फैक्ट चेक: राजस्थान में एक इमारत पर भगवा झंडा लहराते शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे के साथ हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक एक इमारत की छत पर भगवा रंग का झंडा लहराते हुए दिखाई दे रहा है। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो राजस्थान का है। जहां एक व्यक्ति मस्जिद पर चढ़कर भगवा झंडा लहरा रहा है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर अंग्रेजी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि,’This video is claimed to be from Beenjhbayala, Ganganagar, Rajasthan. A saffron flag was planted on top of a mosque during Ram Navami’
हिंदी अनुवाद- दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बिंझबयाला, गंगानगर, राजस्थान का है। रामनवमी के मौके पर एक मस्जिद के ऊपर भगवा झंडा लगाया गया।

फेसबुक का लिंक यहाँ देखें
फैक्ट चेक :
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने पड़ताल की। इस दौरान हमने सबसे पहले वायरल वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया। खोज के दौरान हमें सबसे पहले वायरल वीडियो ट्विटर के Sarpanch Rafik Mohad. Lodhi नामक यूजर द्वारा किए गए एक ट्वीट में मिला, जिसे यूजर ने मार्च 30,2023 को अपलोड किया था।
यूजर ने ट्वीट में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत और IGP बीकानेर को ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘माननीय मुख्यमंत्री साहब बिंजवायला तहसील पदमपुर जिला श्रीगंगानगर की मस्जिद पर शरारती तत्वों के द्वारा सोभा यात्रा के दौरान भगवा झंडा फहराया गया है इसके खिलाफ तुरंत प्रभाव से एक्शन लें ताकि राजस्थान के अंदर माहौल खराब ना हो।’
https://twitter.com/rafik_lodhi/status/1641457589065224192?s=20
ट्वीट का आर्काइव लिंक यहाँ देखें।
इसी ट्वीट के कमेंट सेक्शन में गंगानगर पुलिस के आधिकारिक ट्वीट हैंडल द्वारा भी कमेंट किया गया था। जहां पुलिस ने वायरल वीडियो को फेक न्यूज़ बताते हुए वीडियो के साथ शेयर किए जा रहे कैप्शन का खंडन किया था और साथ ही पुलिस ने बताया कि फेक न्यूज़ फ़ैलाने वाले दो यूजर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये पूर्ण सत्य घटना नहीं है । फेक न्यूज फैलाने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये ध्वज किसी मस्जिद पर नहीं लगा है, ये एक व्यक्ति के घर पर लगा है। pic.twitter.com/Yx0IPqxnKe
— Ganganagar Police (@sgnrpolice) March 30, 2023
इसके बाद मामले की तह तक जाने के लिए हमने सीधा गंगानगर एसपी से फ़ोन पर सीधा संपर्क किया। जहां उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो भ्रामक दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहा शख्स किसी मस्जिद पर नहीं बल्कि वह अपने ही घर पर झंडा फैहरा रहा था।
पड़ताल के दौरान हमें उपरोक्त मिले तथ्यों से पता चला कि वायरल वीडियो भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया है। वीडियो में दिखाई दे रहा शख्स अपने ही घर पर झंडा फैहरा रहा था न कि किसी मस्जिद पर।





