Hindi Newsportal

फैक्ट चेक: गौमांस निर्माता कंपनी के मालिक नहीं हैं बीजेपी विधायक, फर्जी दावा हो रहा है वायरल, जानिए पूरा सच

0 1,201
फैक्ट चेक: गौमांस निर्माता कंपनी के मालिक नहीं हैं बीजेपी विधायक, फर्जी दावा हो रहा है वायरल, जानिए पूरा सच

 

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट में एक कार्टून के माध्यम से दावा किया जा रहा है कि भारत में दुनिया की सबसे बड़ी गौमांस निर्माता और निर्यात कंपनी ‘AL Dua’ है। पोस्ट में बताया जा रहा है कि इस कंपनी का मालिक उत्तर प्रदेश से भाजपा विधायक सोम शेखर  हैं। इसके लिए पोस्ट में आगे सीएम योगी को हार्दिक बधाई देते हुए तंज कसा गया है।

फेसबुक के वायरल पोस्ट में लिखा गया है कि, गौमांस व्यापार में भारत की AL Dua कंपनी एक बार फिर पहले नंबर पर कंपनी का मालिक सोमशेखर (हिन्दू) BJP, MLA .

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।

 

फैक्ट चेक : 

 

न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल पोस्ट का दावा फर्जी है। मौजूदा समय में कंपनी के तीन डायरेक्टर हैं जिनमें कोई भी भाजपा विधायक नहीं हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे की सच्चाई के लिए हमने पड़ताल की। पड़ताल के दौरान हमने सबसे पहले यह जानने का प्रयास किया कि क्या भारत में किसी बीफ निर्यात कंपनी का मालिक भाजपा विधायक है? इसके लिए हमने सबसे पहले गूगल पर कुछ संबंधित कीवर्ड्स के माध्यम से खोजना शुरू किया।

खोज के दौरान हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर अक्टूबर 10, 2015 को प्रकाशित एक लेख मिला। लेख के मुताबिक उत्तर प्रदेश से भाजपा विधायक संगीत सोम पर साल 2015 के दौरान यह आरोप लगे थे कि वह AL Dua नामक कंपनी के मालिक हैं, जो बीफ का व्यापार करती है।

 

लेख में आगे बीजेपी विधायक संगीत सोम के हवाले यह जानकारी दी गयी थी कि सोम ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने साल 2005 में एक जमीन खरीदी जो बाद में अल दुआ फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड को बेच दी थी।  उन्होंने वह जमीन साल 2008 में ही बेच दी। उन्होंने कहा कि वह उस कंपनी में डायरेक्टर भी नहीं रहे। संगीत ने कहा कि मीट फैक्ट्री लगाने में उनकी कोई भूमिका नहीं है। वह ऐसा सपने में भी नहीं सोच सकते। संगीत ने कहा, मुझे बदनाम करने के लिए कुछ भी कर लो, मीट के नाम कोई इल्जाम न लगाओ।

सबसे पहले हमने भारत सरकार की वेबसाइट पर कंपनी के नाम कंपनी की पंजीकृत संख्या ढूंढने के लिए खोजा। जिसके बाद हमें AL Dua कंपनी का CIN No. मिला। बता दें कि कॉर्पोरेट पहचान संख्या और इसका उपयोग भारत में पंजीकृत सभी कंपनियों के लिए कंपनियों के रजिस्ट्रार द्वारा किया जाता है।

इसके बाद हमने उपरोक्त भारत सरकार की वेबसाइट पर मिले कंपनी के CIN No. के आधार पर गूगल पर यह खोजने का प्रयास किया कि अब AL Dua कंपनी का मालिक कौन है। इस दौरान हमें tofler.in नामक वेबसाइट पर जनवरी 20, 2023 को प्रकाशित एक लेख मिला, जहां Al-Dua की पूरी जानकारी प्रकाशित की गयी थी।

 

 

लेख के मुताबिक कंपनी के चार डायरेक्टर्स हैं,’ मोहम्मद जहीर, मोहम्मद तौसीफ, मोद तौकीर’ और इमरान सुहैल हैं। बता दें यहाँ कहीं भी भाजपा विधायक संगीत सोम या सोम शेखर का नाम प्रकाशित नहीं किया गया है।

पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से पता चला कि वायरल दावा फर्जी है, साल 2015 के दौरान भाजपा विधायक संगीत सोम पर Al-Dua कंपनी के मालिक होने का आरोप लगा था, जिसपर उन्होंने खुद से सफाई देते हुए इस दावे को गलत बताया था।