इंग्लैंड ने 2026 टी20 विश्व कप के लिए घोषित किया प्रोविजनल स्क्वॉड, लिविंगस्टोन और जैमी स्मिथ की टीम से हुई छुट्टी

नई दिल्ली: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भारत में होने वाले 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी प्रोविजनल टीम की घोषणा कर दी है. हालांकि, इस टीम चयन में सबसे बड़ा सरप्राइज लियाम लिविंगस्टोन और जैमी स्मिथ जैसे विस्फोटक खिलाड़ियों का बाहर रहना है.
लिविंगस्टोन को नहीं मिली जगह
अनुभवी ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन, जो आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए मोटी रकम में खेलेंगे, को इंग्लैंड ने विश्व कप टीम में जगह नहीं दी है. यह चयन काफी हैरानी भरा माना जा रहा है.
प्रोविजनल स्क्वॉड में बदलाव की गुंजाइश
ध्यान देने वाली बात यह है कि इंग्लैंड ने अभी प्रोविजनल स्क्वॉड का एलान किया है, जिसका मतलब है कि टीम में बदलाव किए जा सकते हैं. आईसीसी के नियमों के अनुसार, हर टीम को टूर्नामेंट शुरू होने के 30 दिन पहले अपनी टीम की घोषणा करनी होती है. डेडलाइन खत्म होने से पहले टीमें खुद से अपने स्क्वॉड में बदलाव कर सकती हैं, जबकि डेडलाइन के बाद बदलाव के लिए आईसीसी से इजाजत लेनी होती है.
हैरी ब्रूक होंगे कप्तान, जोश टंग का पहली बार चयन
हैरी ब्रूक को 2026 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड टीम की कप्तानी सौंपी गई है. एशेज सीरीज में घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज जोश टंग को पहली बार टीम में शामिल किया गया है.
छह तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर
इंग्लैंड ने गेंदबाजी के लिए मजबूत संयोजन तैयार किया है. टीम में ब्रायडन कार्स, जोश टंग, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, सैम कर्रन और ल्यूक वुड के रूप में छह तेज गेंदबाज चुने गए हैं. स्पिन विभाग में रेहान अहमद, लियाम डॉसन और आदिल रशीद को जगह दी गई है.
बल्लेबाजी के लिए हैरी ब्रूक, फिल साल्ट, टॉम बैंटन, जैकेब बीथेल, बेन डकेट, विल जैक्स और जोस बटलर जैसे पावर पैक बल्लेबाजों का चयन किया गया है. टीम में युवा और सीनियर खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिल रहा है.
पूरी टीम
2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड की टीम- हैरी ब्रूक (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, विल जैक्स, फिल साल्ट (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जैकेब बीथेल, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, सैम कर्रन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, जोश टंग और ल्यूक वुड.





