भारत

इंजन फेल, फुल इमरजेंसी — स्पाइसजेट की लेह फ्लाइट की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग, 155 यात्री सुरक्षित

नई दिल्ली. शनिवार की सुबह दिल्ली से लेह जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-121 को उड़ान के दौरान इंजन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण वापस दिल्ली लौटना पड़ा. पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विमान को वापस मोड़ने का फैसला किया.

सुबह करीब 6 बजकर 35 मिनट पर फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की गई. इसके ठीक दस मिनट बाद यानी 6 बजकर 45 मिनट पर बोइंग 737 विमान ने रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की. विमान में कुल 155 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे.

एयरपोर्ट पर पहले से थी पूरी तैयारी

इमरजेंसी की सूचना मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को अलर्ट पर तैनात कर दिया गया. लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया और किसी के भी घायल होने की कोई सूचना नहीं है. एयरलाइन ने विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया है और प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है.

झारखंड में एयर एंबुलेंस क्रैश, सात लोग थे सवार

इससे पहले एक और दुखद हवाई हादसा झारखंड में हुआ. रांची से सात लोगों को दिल्ली ले जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार की शाम चतरा जिले के सिमरिया के पास एक वनक्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. रांची हवाई अड्डे से शाम करीब 7 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरने के बाद यह विमान लापता हो गया और बाद में सिमरिया के बरियातु पंचायत में क्रैश पाया गया.

चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. ने बताया कि विमान शाम करीब साढ़े सात बजे लापता हुआ था. रांची के देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा के अनुसार यह एयर एंबुलेंस लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार के लिए बुक की गई थी, जो 16 फरवरी को 65 प्रतिशत जलने के बाद अस्पताल में इलाज करा रहे थे और बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले जाए जा रहे थे.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button