डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को बताया ‘नरसंहार’, पुतिन को कहा ‘सज्जन व्यक्ति’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा बयान देते हुए इसे ‘नरसंहार’ करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस युद्ध में हर सप्ताह करीब 5,000 युवा सैनिकों की जान जा रही है। ट्रंप ने इस संघर्ष के लिए पिछली बाइडन सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि यह सब कुछ उनके कार्यकाल में शुरू हुआ और उन्होंने इसे होने दिया।
ट्रंप ने सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। बताया जा रहा है कि इस बातचीत में युद्धविराम की संभावनाओं पर चर्चा की गई। मंगलवार को केनेडी सेंटर बोर्ड डिनर के एक कार्यक्रम में बोलते हुए ट्रंप ने पुतिन की तारीफ करते हुए उन्हें एक ‘सज्जन व्यक्ति’ बताया।
ट्रंप ने कहा, “एक दिन पहले मेरी बातचीत व्लादिमीर पुतिन से हुई। वह एक सज्जन व्यक्ति हैं। हमारे बीच सकारात्मक बातचीत हुई और इसमें थोड़ी बहुत प्रगति भी देखने को मिली है।” उन्होंने आगे कहा कि “रूस-यूक्रेन युद्ध में हर सप्ताह हजारों सैनिक मारे जा रहे हैं। ये संख्या और भी अधिक हो सकती है, क्योंकि आम नागरिक भी हमलों की चपेट में आ रहे हैं। हम इस युद्ध को रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और जो हमारे बस में है, वह सब कर रहे हैं।”
इसके साथ ही ट्रंप ने पश्चिम एशिया दौरे को भी सफल बताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में भी अमेरिका प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं है, लेकिन हम वहां शांति लाने की दिशा में प्रयासरत हैं। ट्रंप ने अपने दौरे के दौरान 1.5 खरब डॉलर के रक्षा समझौते किए जाने की जानकारी भी दी।





