भारत

दिल्ली पुलिस ने किया ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का खुलासा करते हुए कुल आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें छह तमिलनाडु और दो पश्चिम बंगाल से पकड़े गए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये सभी संदिग्ध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेशी आतंकी संगठनों से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तमिलनाडु से पकड़े गए सभी आरोपी ट्रेन के जरिए दिल्ली लाए जा रहे हैं। इनमें से एक आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है। आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

सोशल मीडिया के जरिए जुड़े थे सभी आरोपी

जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में थे। तमिलनाडु से गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि ये लोग पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों के समर्थन में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा कर रहे थे।

फर्जी आधार कार्ड और गारमेंट इंडस्ट्री में काम

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे और गारमेंट इंडस्ट्री में काम कर रहे थे। तमिलनाडु के उथुकुली से दो, पल्लादम से तीन और थिरुमुरुगनपूंडी इलाके से एक आरोपी को पकड़ा गया है। इस ऑपरेशन में 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं।

AI समिट के दौरान दिल्ली की रेकी

Delhi Police ने बताया कि ये आरोपी कई शहरों की रेकी कर चुके थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आठ में से चार आरोपी AI समिट के दौरान दिल्ली आए थे और यहां एक मेट्रो स्टेशन पर ‘फ्री कश्मीर’ जैसे भड़काऊ पोस्टर लगाए थे। इसके बाद वे वापस तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल लौट गए। पुलिस अब इनके बांग्लादेशी तंजीम से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

क्या दिल्ली थी आतंकियों के निशाने पर?

इन गिरफ्तारियों से पहले दिल्ली में खुफिया अलर्ट जारी किया गया था। इनपुट्स के मुताबिक, लाल किला और चांदनी चौक के आसपास के धार्मिक स्थल आतंकियों के निशाने पर हो सकते थे। खुफिया एजेंसियों का कहना है कि पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन Lashkar-e-Taiba दिल्ली में IED हमले की साजिश रच रहा था।

सूत्रों के अनुसार, यह साजिश 6 फरवरी को इस्लामाबाद में हुए मस्जिद विस्फोट का बदला लेने के इरादे से रची जा रही थी। अलर्ट में यह भी कहा गया है कि देश के प्रमुख मंदिरों को भी निशाना बनाया जा सकता है।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और मामले की गहराई से जांच जारी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button