Delhi Liquor Policy: संजय सिंह और मनीष सिसोदिया को अभी कुछ दिन और खानी पड़ेगी जेल की रोटी, कोर्ट से नहीं मिली राहत
Delhi Liquor Policy: संजय सिंह और मनीष सिसोदिया को अभी कुछ दिन और खानी पड़ेगी जेल की रोटी, कोर्ट से नहीं मिली राहत
दिल्ली आबकारी नीति घोटाले के मामले जेल की हवा खा रहे आम आदमी पार्टी के पूर्व सांसद संजय सिंह और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को एक बार फिर कोर्ट ने राहत देने से इंकार कर दिया है। आज यानी गुरुवार को दोनों नेताओं को दिल्ली के राउज एवन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। जहां कोर्ट ने दोनों नेताओं की न्यायिक हिरासत को 19 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया है।
गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में यानी शनिवार (2 मार्च) को दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने आबकारी नीति मामले में AAP नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह की न्यायिक हिरासत पांच दिन के लिए बढ़ाई थी, जो आज ही खत्म हुई थी। इसके बाद गुरुवार को दिल्ली की कोर्ट में दोनों को पेश किया था, इस पर विशेष न्यायाधीश एम के नागपाल ने मनीष सिसोदिया और संजय सिंह की न्यायिक हिरासत अवधि बढ़ा दी। बता दें कि ईडी ने न्यायिक हिरासत बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि मामला महत्वपूर्ण चरण में है और अगर रिहा किया गया तो आरोपी जांच में बाधा डाल सकते हैं।
कोर्ट की सुनवाई के बाद आप सांसद संजय सिंह के वकील डॉ फारुख खान ने कहा कि ईडी ने गुमराह और गलत धारणा वाला आवेदन दायर किया है। इस कारण ईडी ने उस आवेदन को दायर करके अदालत से प्रार्थना की है कि सभी आरोपी व्यक्तियों को उचित निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि मामले का तथ्य यह है कि यह ईडी ही है जिसने इस कार्यवाही में रुकावट पैदा की है। मुकदमा अभी शुरू नहीं हुआ है क्योंकि मुकदमा आरोप तय होने के बाद ही शुरू होगा।
बताते चलें कि दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए लगातार समन भेज रही है। ईडी अब तक आठ समन भेज चुकी है। हालांकि हर बार सीएम केजरीवाल ने ईडी के समन को गौर कानूनी और राजनीतिक भावना से प्रेरित करार दिया है.





