Delhi: राजधानी में लगातार खराब होती जा रही है वायु गुणवत्ता, दिवाली से पहले छाई धुंध की परत
Delhi: राजधानी में लगातार खराब होती जा रही है वायु गुणवत्ता, दिवाली से पहले छाई धुंध की परत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार वायु गुणवत्ता खराब होती जा रही है। देखते-देखते दिल्ली अब पूरी तरह गैस चैंबर में तब्दील हो रहा है, बता दें कि दिल्ली में न तो सर्दियां शुरू हुई हैं न ही दिवाली के पटाखें जलने शुरू हुए हैं। लेकिन दिल्ली में छाई धुंध की चादर को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे किसी ने पूरे इलाके में धुआँ बिखेर दिया हो।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, आज सुबह 7 बजे के करीब दिल्ली का औसत एक्यूआई 349 मापा गया, जो बेहद खराब स्थिति है। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता 350 के पार हो गयी है। बुधवार सुबह जहांगीरपुरी में 414, आनंद विहार में 403 और नजफगढ़ में 400 एक्यूआई दर्ज किया गया। 400 या उससे ज्यादा एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में रखा गया है। यानी दिल्ली के कई इलाकों में वायु प्रदूषण गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। इसके साथ ही दिल्ली के ज्यादा इलाकों में एक्यूआई 300 पार हो चुका है। कई जगहों पर एक्यूआई 350 के ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने अलग-अलग जगहों पर पानी का छिड़काव करने के लिए 6000 कर्मियों की संख्या बढ़ाई है। मेट्रो आज से 40 अधिक फेरे लगाएगी। डीटीसी की बस ही अब अधिक चलेंगी। दिल्ली सरकार ने पड़ोसी राज्यों से भी चिट्ठी लिखकर अपील की है कि ग्रेप के नियमों को एनसीआर में लागू किया जाए। बता दें ग्रैप-2 लागू होने के बाद 5 प्रमुख पाबंदियां भी लग गई हैं।
ग्रैप का मतलब GRAP से है। GRAP का फुल फॉर्म ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान है। ये सरकार की एक योजना है, जिसे दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ बनाया गया है। इस प्लान के जरिए प्रदूषण को कंट्रोल किया जाता है। दरअसल, इसके कई चरण हैं और ये चरण भी बढ़ते प्रदूषण के साथ बढ़ते जाते हैं। जैसे जैसे चरण बढ़ते हैं, वैसे वैसे दिल्ली में पाबंदियां भी बढ़ती जाती हैं।





