Delhi: एक बार फिर खतरे के निशान के ऊपर बढ़ा यमुना नदी का पानी, 205.81 मीटर पहुंचा जलस्तर
Delhi: एक बार फिर खतरे के निशान के ऊपर बढ़ा यमुना नदी का पानी, 205.81 मीटर पहुंचा जलस्तर
दिल्ली में एक बार फिर से यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गयी है। आज सुबह 7 बजे पुराने लोहा पुल पर जलस्तर 205.81 मीटर दर्ज किया गया है। ऐसे में देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
#WATCH दिल्ली: यमुना नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ है, आज सुबह 7 बजे पुराने लोहा पुल पर जलस्तर 205.81 मीटर दर्ज किया गया। वीडियो ड्रोन से ली गई है। pic.twitter.com/egQvW2jNXX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 23, 2023
दरअसल, पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि होने की आशंका जताई गयी है। तीन दिन से यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास है। 15 जुलाई के बाद से जलस्तर में सुधार हुआ था, लेकिन अब एक बार फिर इसमें बढ़ोतरी होने लगी है।
गौरतलब है कि बीती 9 जुलाई से हथनी कुंड से प्रति घंटे एक लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा था और 11 जुलाई को यह अधिकतम 3.59 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया था। जिसके चलते राजधानी में पुराना लोहा पुल के पास यमुना नदी का जलस्तर 13 जुलाई को 208.66 मीटर तक पहुंच गया और राजधानी बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी थी।
केजरीवाल सरकार की राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि हथनी कुंड से यमुना में दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली सरकार हाई-अलर्ट पर है। बाढ़ जैसी घटना से निपटने के लिए हर संभव उपाय कर रही है। उन्होंने कहा कि “केंद्रीय जल आयोग के के अनुसार शुक्रवार शाम तक यमुना खतरे के स्तर को पार कर सकती है।
संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ पूरी सरकार स्थिति पर नजर रख रही है। तैयारियों का निरीक्षण किया जा रहा है। बता दें कि यदि यमुना का जल स्तर 206.7 मीटर तक बढ़ जाता है तो यमुना खादर के कुछ हिस्सों में बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है।





