DC vs LSG: दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला, पंत पर होगी सबकी नजर

DC vs LSG: आईपीएल 2025 का आगाज शनिवार 22 मार्च को हो चुका है. वहीं आज तीसरे दिन 24 मार्च को टूर्नामेंट का चौथा लीग मुकाबला होने वाला है. इस मुकाबले में आमने-सामने होंगी दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स. यह मुकाबला विशाखापट्टनम में शाम 7.30 बजे खेला जाएगा.
बता दें कि LSG की कमान युवा भारतीय बल्लेबाज और विकेट कीपर ऋषभ पंत के हाथ में है. यह पहली बार किसी अन्य टीम से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलने वाले हैं. ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होगा. वहीं दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स की कमान अक्षर पटेल के हाथों में होगी. बात करें दोनों के अनुभव की तो ऋषभ को आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभालने का अनुभव है तो वहीं अक्षर पटेल के कंधों पर पहली बार कप्तानी का भार होगा.
दिल्ली कैपिटल्स की टीम में कई नए और पुराने चेहरे शामिल हैं. इस टीम में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी शामिल हैं, जो इस सीजन के लिए ब्रेक के बाद लौटे हैं. स्टार्क पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं. उनके अलावा, दिल्ली टीम में केएल राहुल, फॉफ डुप्लेसी, और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे स्टार खिलाड़ी हैं. वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स में ऋषभ पंत के अलावा डेविड मिलर, एडेन मार्करम, शार्दुल ठाकुर, रवि बिश्नोई और आयुष बदोनी जैसे खिलाड़ी अहम भूमिका निभा सकते हैं. इन दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ियों के बीच आज होने वाला मुकाबला फैंस के लिए बेहद रोमांचक हो सकता है.
कप्तान ऋषभ पंत पर होंगी खास निगाहें
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच आज होने वाले मैच के दौरान फैंस की निगाहें खासकर कप्तान ऋषभ पंत पर होंगी. इसके दो बड़े कारण हैं एक तो वह इस आईपीएल में सबसे मंहगे खिलाड़ी हैं वहीं दूसरा कि पंत को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम में जगह मिली थी, लेकिन उन्हें किसी भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था. ऐसे में अब उनकी कड़ी परीक्षा होगी कि वह आईपीएल 2025 में लखनऊ के लिए कैसा प्रदर्शन करते हैं. वहीं, दिल्ली के लिए पहली बार खेल रहे केएल राहुल पर भी सबकी नजरें रहेंगी. राहुल एक मजबूत खिलाड़ी हैं और उनकी बल्लेबाजी में गहराई है. इस मैच में वह अपनी नई टीम के लिए अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल करना चाहेंगे.





