पीएम मोदी और पीएम मेलोनी की बातचीत: भारत-यूरोप FTA और यूक्रेन युद्ध पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपियन यूनियन (EU) के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर चर्चा की। पीएम मोदी ने इटली को इस समझौते के लिए समर्थन देने पर मेलोनी का आभार जताया।
मोदी ने यह भी कहा कि भारत और इटली अपने रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध को जल्द खत्म करने के रास्तों पर भी विचार किया।
इसके अलावा बातचीत में इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEEC) पर भी चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि यह परियोजना एशिया, मध्य पूर्व और यूरोप को बेहतर ढंग से जोड़ने में मदद करेगी।
भारत और यूरोपीय संघ इस साल के अंत तक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को अंतिम रूप देने की तैयारी कर रहे हैं। इसी सप्ताह नई दिल्ली में इसकी 13वीं दौर की बातचीत हो रही है। गौरतलब है कि साल 2022 में भारत और EU ने करीब आठ साल बाद इस समझौते पर फिर से बातचीत शुरू की थी।
IMEEC योजना की घोषणा 2023 में दिल्ली में हुए G20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। यह परियोजना सड़क, रेल और समुद्री मार्गों को जोड़ते हुए भारत, सऊदी अरब, अमेरिका और यूरोप के बीच नए व्यापार और संपर्क का मार्ग तैयार करेगी।





