भव्य राम मंदिर निर्माण पूरा, पीएम मोदी करेंगे शिखर पर धर्म ध्वजारोहण

अयोध्या. देश की आस्था और संस्कृति के प्रतीक श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है. इस बीच, अयोध्या एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 नवंबर को रामलला के दरबार में मंदिर के शिखर पर 21 फुट ऊंची धर्म ध्वजा फहराएंगे, जिसके साथ ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के पूर्ण होने का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और मंदिर निर्माण समिति ने इस आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं. समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा न केवल धार्मिक बल्कि ऐतिहासिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा, “यह ध्वजारोहण समारोह उस युगांतकारी पल का प्रतीक होगा जब सदियों पुराना आस्था का स्वप्न साकार होगा.”
मिश्र ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का अयोध्या से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है. वर्षों पहले उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक राम मंदिर का निर्माण कार्य आरंभ नहीं होता, वे अयोध्या में कदम नहीं रखेंगे. अब जब मंदिर भव्य रूप में तैयार हो चुका है, वे स्वयं वहां जाकर ध्वजारोहण करेंगे और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे.
मंदिर निर्माण समिति के अनुसार, मंदिर की मुख्य संरचना पूरी हो चुकी है और अब शेष कार्य अंतिम चरण में है. ध्वजारोहण के साथ मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा.
अयोध्या प्रशासन ने भी इस अवसर पर शहर को सजाने-संवारने की तैयारी शुरू कर दी है. सड़कों पर रोशनी, पुष्प सज्जा और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक योजना बनाई जा रही है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





