गूगल को टक्कर! ChatGPT बना लोगों का नया सर्च साथी

गूगल की सर्च वर्ल्ड में बादशाहत के बीच अब तेजी से लोग जानकारी पाने के लिए OpenAI के ChatGPT का रुख कर रहे हैं। माइक्रोसॉफ्ट समर्थित इस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट ने कहा है कि जुलाई 2025 तक ChatGPT पर होने वाली 24% बातचीत जानकारी खोजने से जुड़ी थी, जो एक साल पहले की तुलना में 10% अधिक है।
यह आंकड़े OpenAI की इकोनॉमिक रिसर्च टीम और हार्वर्ड के अर्थशास्त्री डेविड डेमिंग द्वारा तैयार 64 पन्नों की एक रिपोर्ट में जारी किए गए हैं। इस स्टडी में बताया गया कि ChatGPT पर लोग सबसे ज्यादा तीन काम करते हैं—जानकारी लेना, व्यावहारिक सलाह मांगना और लेखन से जुड़ा काम।
700 मिलियन से ज्यादा यूजर्स
2022 में लॉन्च हुआ ChatGPT अब दुनिया का सबसे लोकप्रिय AI चैटबॉट बन गया है। हर हफ्ते 700 मिलियन से ज्यादा लोग इसका इस्तेमाल करते हैं, जो दुनिया की 10% आबादी के बराबर है। यह रिपोर्ट पहली बार ChatGPT के उपभोक्ता इस्तेमाल के बड़े पैमाने के आंकड़े सामने लाती है।
कैसे हुई स्टडी
इस अध्ययन में मई 2024 से जुलाई 2025 के बीच की 15 लाख से ज्यादा चैट्स को गोपनीय तरीके से विश्लेषित किया गया। 18 साल से कम उम्र के यूजर्स, बंद या डिलीट किए गए अकाउंट्स, और जिन्होंने डेटा शेयरिंग से मना किया था, उनकी चैट्स को इसमें शामिल नहीं किया गया। ChatGPT एंटरप्राइज यूजर्स के डेटा को भी इसमें नहीं लिया गया।
काम से जुड़े चैट्स सिर्फ 30%
रिपोर्ट के मुताबिक ChatGPT का सिर्फ 30% इस्तेमाल काम से जुड़ा है। यानी लोग अभी भी निजी और मनोरंजन से जुड़े कामों के लिए इसे ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। OpenAI ने बताया कि गैर-कार्य संबंधी चैट्स पिछले साल 53% से बढ़कर 70% हो गई हैं।
स्टडी में यह भी सामने आया कि 26 साल से कम उम्र के यूजर्स के सिर्फ 23% संदेश काम से जुड़े होते हैं, जबकि उम्र बढ़ने के साथ यह प्रतिशत बढ़ता है। 66 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के संदेशों में यह आंकड़ा सिर्फ 16% है।
और क्या सामने आया
कोडिंग में गिरावट: जुलाई 2024 से जुलाई 2025 के बीच ChatGPT पर कोडिंग मदद लेने वाले यूजर्स 12% से घटकर 5% रह गए। OpenAI ने इसकी वजह API और नए ऑटोनॉमस प्रोग्रामिंग एजेंट्स को बताया।
AI इमेज ट्रेंड: अप्रैल 2025 में गिब्ली-स्टाइल AI इमेज के ट्रेंड के चलते ChatGPT पर इमेज बनाने का इस्तेमाल बढ़ा, लेकिन कुल वृद्धि सिर्फ 5% ही रही।
सलाह लेने पर जोर: 49% मैसेजेस ऐसे थे, जिनमें यूजर्स ने ChatGPT से कुछ ‘पूछा’, यानी लोग इसे एक सलाहकार की तरह ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं।
कमाई वाले देशों में कम ग्रोथ: मई 2025 तक सबसे गरीब देशों में ChatGPT की ग्रोथ सबसे अमीर देशों की तुलना में 4 गुना ज्यादा रही।
महिला यूजर्स बढ़ीं: ChatGPT के महिला यूजर्स में तेजी से इजाफा हुआ। जनवरी 2024 में जहां सिर्फ 37% यूजर्स महिला नाम वाले थे, वहीं 2025 में यह 52% हो गया।
क्या बताता है यह अध्ययन
रिपोर्ट में कहा गया कि ChatGPT सीधे GDP में योगदान भले न दिखाए, लेकिन यह यूजर्स को बेहतर फैसले लेने और प्रोडक्टिविटी बढ़ाने में मदद कर रहा है। खासकर ज्ञान आधारित नौकरियों में इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।





