‘कॉमेडी किंग’ का कैफे बना क्राइम सीन! एक महीने में दूसरी बार हमला

मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे ‘कैप्स कैफे’ पर एक बार फिर फायरिंग हुई है। यह घटना गुरुवार तड़के सरे शहर के 85 एवेन्यू और स्कॉट रोड इलाके में हुई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैफे की खिड़कियों पर कई गोलियों के निशान पाए गए और कांच टूटे हुए थे। सरे पुलिस सर्विस (SPS) को फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि अभी तक पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की है। आसपास के लोगों ने बताया कि उन्होंने तड़के कई गोलियों की आवाज़ सुनी जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
यह फायरिंग एक महीने में दूसरी बार हुई है। इससे पहले जुलाई की शुरुआत में भी कैफे पर गोलियां चलाई गई थीं, उस समय कैफे के कुछ कर्मचारी अंदर मौजूद थे लेकिन कोई घायल नहीं हुआ था। उस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और फायरिंग की वजह भी साफ नहीं हो पाई है। ताजा घटना को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। हालांकि पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है। इससे इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
कपिल शर्मा, जो ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ और ‘द कपिल शर्मा शो’ जैसे शोज़ से दुनियाभर में मशहूर हैं, ने अब तक इस घटना पर कोई बयान नहीं दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।





