कोलंबो-चेन्नई एयर इंडिया फ्लाइट बड़ी दुर्घटना से बची, बर्ड हिट के बाद वापसी यात्रा रद्द
नई दिल्ली: एअर इंडिया का एक विमान मंगलवार को एक बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच गया. जानकारी के अनुसार, कोलंबो-चेन्नई रूट पर उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-273 (A320 VT-TNH) से एक पक्षी टकरा गया. यह हादसा रात करीब 1:55 बजे कोलंबो एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हुआ. विमान में 158 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं.
हालांकि शुरुआती जांच में नुकसान मामूली लगने के कारण विमान को उड़ान के लिए क्लियरेंस दे दिया गया, लेकिन वापसी यात्रा में स्थिति बदल गई. जब वही विमान सुबह 4:34 बजे फ्लाइट नंबर AI-274 के रूप में कोलंबो से चेन्नई लौटा, तो रूटीन टेक्निकल जांच के दौरान एक फैन ब्लेड टूटा हुआ पाया गया.
एयरलाइन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को तत्काल AOG (Aircraft On Ground) घोषित कर दिया है. इसका अर्थ है कि फिलहाल यह विमान सेवा से बाहर रहेगा. एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, “विमान की मरम्मत और विस्तृत तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही इसे दोबारा सेवा में लाया जाएगा.”
इस घटना के कारण एयर इंडिया को वापसी यात्रा रद्द करनी पड़ी, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा. एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों से भेजने की व्यवस्था की जा रही है.
इंडिगो फ्लाइट भी डायवर्ट हुई
इसी दिन एक और उड़ान को दिशा बदलनी पड़ी. दिल्ली से प्रयागराज जा रही इंडिगो की फ्लाइट को अचानक लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया.
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला किसी तकनीकी खराबी के कारण नहीं, बल्कि भारतीय वायुसेना की एक्सरसाइज के चलते लिया गया.
दोनों घटनाओं के बाद एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों की सुरक्षा और उड़ानों की नियमितता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जांच उपाय अपनाने की बात कही है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





