सोशल मीडिया पर छाई ‘Cockroach Janta Party’, अब अकाउंट एक्सेस को लेकर विवाद

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही ‘Cockroach Janta Party’ एक बार फिर चर्चा में है। पार्टी के संस्थापक Abhijeet Dipke ने दावा किया है कि उनके और पार्टी के कई सोशल मीडिया अकाउंट्स हैक या ब्लॉक कर दिए गए हैं।
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि पार्टी के खिलाफ डिजिटल स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनका पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट, पार्टी का ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज और X अकाउंट प्रभावित हुए हैं। साथ ही बैकअप अकाउंट भी हटाए जाने का दावा किया गया है।
दिपके ने कहा कि फिलहाल उनकी टीम को कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का एक्सेस नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इन अकाउंट्स से अब जो भी नई पोस्ट की जाए, उसे पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए कुछ स्क्रीनशॉट्स में इंस्टाग्राम की ओर से सुरक्षा संबंधी नोटिफिकेशन दिखाई दिया, जिसमें अकाउंट्स को सुरक्षा कारणों से लॉक किए जाने की बात कही गई थी। दिपके का दावा है कि कई बार रिकवरी की कोशिश करने के बावजूद अकाउंट वापस नहीं मिल सके।
हाल के दिनों में ‘Cockroach Janta Party’ सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुई है। खासकर युवाओं के बीच इसके वीडियो और पोस्ट्स को लेकर काफी चर्चा देखने को मिल रही है। इससे पहले पार्टी का X अकाउंट भारत में रोके जाने की खबर भी सामने आई थी। बाद में “Cockroach Is Back” नाम से नया अकाउंट बनाया गया, जहां से लगातार पोस्ट किए जा रहे थे।
फिलहाल अकाउंट हैक और सोशल मीडिया प्रतिबंधों को लेकर किए गए दावों पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।





