जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटने से तबाही, 4 की मौत

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को थाथरी उप-मंडल में बादल फटने की घटना से भारी तबाही मच गई। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच अचानक आई इस आपदा में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक रिहायशी मकान और कई गौशालाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
#WATCH | Doda, Jammu and Kashmir | Continuous heavy rainfall across Doda district has triggered landslides, mudslides, and shooting stones, leading to the closure of several link roads as well as stretches of the national highway. pic.twitter.com/0EuHmW5XNu
— ANI (@ANI) August 26, 2025
डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने बताया कि तीन दिनों से लगातार बारिश जारी है, खासकर चिनाब नदी के आसपास के इलाकों में स्थिति बेहद गंभीर है। चिनाब नदी का जलस्तर 899.3 मीटर तक पहुंच गया है, जो उच्चतम जलस्तर 900 फीट से महज डेढ़ मीटर कम है। ऐसे में प्रशासन ने चिनाब किनारे और उससे जुड़ी सड़कों पर आवाजाही सीमित कर दी है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है।
बादल फटने से एनएच-244 का एक हिस्सा बह गया है। तीन पैदल पुल भी टूट गए हैं, जबकि एक निजी स्वास्थ्य केंद्र को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की टीम सड़क बहाली और राहत कार्यों में जुटी हुई है। इससे पहले किश्तवाड़ और थराली में भी बादल फटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। डोडा और किश्तवाड़ के कई इलाकों में लगातार भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने की घटनाओं के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है।





