छत्तीसगढ़ विधानसभा लोकतंत्र का तीर्थस्थल बनेगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने नए विधानसभा भवन का लोकार्पण किया और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ से उनका गहरा नाता है। एक कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने यहां समय बिताया और राज्य की जनता से स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया।
#WATCH | नवा रायपुर अटल नगर, रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवीन भवन का लोकार्पण किया, जिसे ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर बनाया गया है, पूरी तरह से सौर ऊर्जा से संचालित और वर्षा जल संचयन प्रणाली से सुसज्जित करने की योजना है। pic.twitter.com/94nLFA8xTX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 1, 2025
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें छत्तीसगढ़ के परिवर्तन का साक्षी बनने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने राज्य की जनता को बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 2025 भारत के गणतंत्र का अमृत वर्ष होगा। मोदी ने संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महान विभूतियों को नमन किया और कहा कि अटल जी का सपना आज साकार हो रहा है, क्योंकि छत्तीसगढ़ विकास की नई इबारत लिख रहा है।
मोदी ने कहा कि जो विधानसभा कभी सीमित संसाधनों से शुरू हुई थी, वह आज एक भव्य इमारत के रूप में खड़ी है। 25 वर्षों बाद यह भव्य भवन जनता और लोकतंत्र की भावना का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा लोकतंत्र का तीर्थस्थल है, जिसका हर गलियारा जवाबदेही की याद दिलाता है। यहां लिए गए निर्णय आने वाले दशकों में छत्तीसगढ़ के भविष्य की दिशा तय करेंगे।
#WATCH | रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने जो परिवर्तन देखा है वो अद्भुत और प्रेरणादायी है। कभी यह राज्य नक्सलवाद और पिछड़ेपन से पहचाना जाता था। आज वही राज्य समृद्धि, सुरक्षा और स्थायित्व का प्रतीक बन रहा है… और इस परिवर्तन के पीछे है… pic.twitter.com/DwfSOnCGfT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 1, 2025
प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में उन्होंने थाईलैंड के प्रधानमंत्री को बस्तर की पारंपरिक कला भेंट की थी, जो भारत की समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नए विधानसभा भवन की डिजाइन में बाबा गुरु घासीदास जी के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश की झलक दिखती है। मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि विधानसभा में ऐसा माहौल हो, जहां न सरकार का अभाव हो, न अनावश्यक प्रभाव।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पद्म विभूषण से सम्मानित छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। तीजन बाई की बहू वेणु ने प्रधानमंत्री से बात करवाई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो राज्य कभी नक्सलवाद और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, आज वही समृद्धि, सुरक्षा और खेलों के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक आज दुनिया में छत्तीसगढ़ की पहचान बन चुका है। मोदी ने विश्वास जताया कि जब भारत अपनी आज़ादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री ने समापन में कहा कि लक्ष्य एक ही है — विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से विकसित भारत का निर्माण।





