शादी के तीन साल बाद अलग होंगे चहल और धनश्री, हाईकोर्ट ने हटाया छह महीने का इंतजार

भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और उनकी पत्नी धनश्री वर्मा को बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने तलाक की प्रक्रिया में छह महीने के अनिवार्य कूलिंग पीरियड से छूट देने की उनकी याचिका को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने पारिवारिक अदालत को निर्देश दिया है कि वह 20 मार्च तक उनकी तलाक याचिका पर फैसला सुनाए।
युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा ने दिसंबर 2020 में शादी की थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों अलग रह रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने आपसी सहमति से तलाक के लिए अर्जी दी थी और छह महीने के कूलिंग पीरियड से छूट की मांग की थी। हालांकि, पहले पारिवारिक अदालत ने यह अर्जी खारिज कर दी थी, लेकिन अब हाईकोर्ट के फैसले से तलाक की प्रक्रिया जल्द पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है।
चहल और धनश्री के अलग होने की खबरें पिछले कुछ समय से चर्चा में थीं। हाल ही में हुए चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में चहल को आरजे महवश के साथ दुबई में मैच देखते हुए देखा गया। इस दौरान दोनों साथ बैठे नजर आए, जिससे सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। इससे पहले भी दोनों को एक बार डिनर पर साथ देखा गया था।
चहल और धनश्री के रिश्ते को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। चहल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से धनश्री के साथ की तस्वीरें हटा दी थीं, जिससे उनके तलाक की खबरों को और बल मिला। इसी बीच, महवश के साथ चहल की तस्वीर वायरल होने के बाद धनश्री ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा था— “हमेशा महिलाओं को दोष देने का चलन रहा है।”
इस पोस्ट के बाद अटकलें और तेज हो गईं कि चहल और धनश्री के रिश्ते में दरार आ चुकी है। अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद जल्द ही दोनों कानूनी रूप से अलग हो सकते हैं।





