Budget Session: महाकुंभ भगदड़ की घटना पर संसद में हंगामा
बजट सत्र के दूसरे दिन संसद के निचले और ऊपरी सदन में राजनीतिक हंगामा हुआ, जिससे कार्यवाही बाधित हुई. विपक्षी सांसदों ने महाकुंभ भगदड़ की घटना समेत कई मुद्दों पर सरकार के खिलाफ लगातार नारे लगाए. वहीं राज्यसभा में सभी विपक्षी दलों के सांसदों ने सदन से वॉकआउट किया.
विपक्षी सांसादों की आलोचना करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, “भारत के लोगों ने आपको सांसद के तौर पर टेबल तोड़ने, नारेबाजी करने और सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के लिए नहीं, बल्कि चर्चा करने के लिए चुना है.”
प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से सवाल करते हुए कहा, “क्या भारत की जनता ने आपको नारेबाजी करने और सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के लिए सांसद चुना है?” इस बीच, राज्यसभा में दूसरे दिन की कार्यवाही भी शुरू हो गई है. कार्यवाही के दौरान महाकुंभ भगदड़ की घटना को लेकर सभी विपक्षी दलों के सांसदों ने राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया.
महाकुंभ मेले में भगदड़ पर संसद में हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिरला ने विपक्ष को आज अच्छे से हड़का दिया. विपक्ष से ओम बिरला ने पूछा कि आपको सदन में टेबल कुर्सी तोड़ने के लिए भेजा गया है या फिर सवाल पूछने के लिए. आज राहुल गांधी लोकसभा में करीब 2 बजे बोलेंगे. पीएम मोदी कल शाम 5 बजे बोल सकते हैं.
लोकसभा और राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी. दक्षिण दिल्ली के बीजेपी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी लोकसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करेंगे. जबकि राज्यसभा बीजेपी सांसद किरण चौधरी धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस की शुरुआत करेंगी. नीरज शेखर प्रस्ताव का समर्थन करेंगे. इसके अलावा संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष जगदंबिका पाल लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर बनी जेपीसी की रिपोर्ट पेश करेंगे. इस रिपोर्ट में विधेयक के विभिन्न पहलुओं पर विचार और साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं. इस रिपोर्ट को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में पेश किया जाएगा.
बता दें राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ 31 जनवरी को बजट सत्र शुरू हुआ था. सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया था. दूसरे दिन यानी 1 फरवरी को वित्त मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट पेश किया था.





