केरल में बीमार पड़े जेट F35 की घर वापसी

ब्रिटिश नौसेना का अत्याधुनिक F-35 फाइटर जेट मंगलवार को तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भर सका। यह जेट पिछले एक महीने से एयरपोर्ट पर खड़ा था क्योंकि इसमें हाइड्रॉलिक सिस्टम में खराबी आ गई थी।
यह फाइटर जेट 14 जून को एक रूटीन उड़ान पर था, जब इसमें तकनीकी गड़बड़ी आ गई और यह अपने विमानवाहक पोत HMS Prince of Wales पर वापस नहीं उतर सका। इसके बाद जेट ने तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट को इमरजेंसी लैंडिंग के लिए चुना, जिसे पहले से आपात लैंडिंग के लिए चिन्हित किया गया था। भारतीय वायुसेना ने लैंडिंग की अनुमति देने के साथ-साथ रीफ्यूलिंग और अन्य तकनीकी सहायता भी दी।
ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स की एक तकनीकी टीम भारत आई, जिसने एयर इंडिया के हैंगर में जेट की मरम्मत का काम किया। F-35B एक फिफ्थ जनरेशन का स्टील्थ फाइटर जेट है, जिसे अमेरिका की कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने बनाया है। इसकी खासियत है कि यह कम जगह में टेकऑफ कर सकता है और वर्टिकल लैंडिंग भी कर सकता है।
इस जेट के एयरपोर्ट पर एक महीने तक खड़े रहने के कारण यह सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहा। बरसात में भीगते इस अकेले F-35 की तस्वीरें वायरल हो गईं और उस पर कई मीम्स भी बने। केरल टूरिज्म डिपार्टमेंट ने सबसे पहले इस पर मजेदार अंदाज में पोस्ट किया – “केरल, एक ऐसी जगह जहां से कोई जाना नहीं चाहता।” इसके बाद मिल्मा, केरल पुलिस, स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी और कई अन्य निजी संगठनों ने भी इस पर मजेदार पोस्ट शेयर किए।





