
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद दुनियाभर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाइयां मिल रही हैं। इसी कड़ी में ट्रिनिडाड और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने भी पीएम मोदी और भारतीय जनता पार्टी को शुभकामनाएं दी हैं। कमला प्रसाद-बिसेसर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने संदेश में पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत को “ऐतिहासिक और शानदार जीत” बताया। उन्होंने कहा कि यह नतीजा भारत की मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था को दर्शाता है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पहली बार बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है, जो भारतीय राजनीति में एक बड़ा मील का पत्थर है। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक बदलाव के इस दौर में उनकी शांत और दृढ़ नेतृत्व क्षमता भारतीय जनता का भरोसा जीत रही है।
ट्रिनिडाड और टोबैगो की प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उनका देश भारत के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के प्रस्तावित दौरे का भी जिक्र किया और दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ने की उम्मीद जताई।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी पीएम मोदी को बधाई दी है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता के मुताबिक, ट्रंप ने बीजेपी की इस जीत को “ऐतिहासिक और निर्णायक” बताया और कहा कि भारत खुद को भाग्यशाली मान सकता है कि उसके पास नरेंद्र मोदी जैसा नेता है। बीजेपी की इस जीत के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की लोकतांत्रिक ताकत और बढ़ते वैश्विक प्रभाव को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।




