BJP का राष्ट्रीय अधिवेशन का आज समापन, लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा
नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं ने आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के निधन पर एक मिनट का मौन रखा. भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन 2024 में पार्टी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया.
राष्ट्रीय अधिवेशन की दो दिवसीय बैठक के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “इस अधिवेशन के बाद 2047 का भारत कैसा होगा इसका PM मोदी का संदेश लेकर हम हर चुनाव क्षेत्र में जाएंगे. पूरे देश में कही संशय नहीं है, देश ने तय किया है कि PM मोदी ही फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे.”
भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “75 साल में इस देश ने 17 लोकसभा चुनाव, 22 सरकारें, 15 प्रधानमंत्री देखें हैं. देश में जितनी सरकारें आईं सबने समयानुकूल विकास करने का काम किया. लेकिन समग्रता से हर क्षेत्र का, हर व्यक्ति का विकास सिर्फ PM मोदी के 10 साल के कार्यकाल में हुआ है.”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “INDI गठबंधन और कांग्रेस पार्टी इस देश के लोकतंत्र को खत्म कर रही है. उन्होंने देश के लोकतंत्र को भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण, जातिवाद से रंग दिया. परिवारवादी पार्टियां इस तरह की लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं करने में लगी रही कि कभी भी जनमत स्वतंत्र रूप से उभर कर न आए. PM मोदी ने 10 साल में भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण और जातिवाद को समाप्त कर विकास किया.”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “इनकी(INDIA गठबंधन) राजनीति में उद्देश्य क्या है? PM मोदी आत्मनिर्भर भारत, 2047 के भारत का लक्ष्य रखते हैं. सोनिया गांधी का लक्ष्य राहुल गांधी को PM बनाना, पवार साहब का लक्ष्य बेटी को CM बनाना, ममता दीदी का लक्ष्य भतीजे को CM बनाना, स्टालिन का लक्ष्य बेटे को CM बनाना, लालू यादव का लक्ष्य बेटे को CM बनाना, उद्धव ठाकरे का लक्ष्य बेटे को CM बनाना और मुलायम सिंह यादव तो बेटे को CM बनाकर ही गए. जिनका लक्ष्य परिवार के लिए सत्ता हथियाना हो वह क्या गरीब का कल्याण करेगा?”





