Bihar Election: बिहार चुनाव में टेक्नोलॉजी की एंट्री, अब QR कोड बताएगा कहां डालना है वोट

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं. राजधानी पटना में जिला निर्वाचन कार्यालय ने अब एक नया डिजिटल तरीका अपनाया है, जिससे वोटर्स को अपना मतदान केंद्र (बूथ) और उसकी लोकेशन जानने में अब किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
इस पहल के तहत, सिर्फ एक क्यूआर कोड स्कैन करने पर ही मतदाता को अपने बूथ की पूरी जानकारी मिल जाएगी. अक्सर देखा गया है कि कई मतदाता केवल इसलिए वोट नहीं डाल पाते क्योंकि उन्हें अपने मतदान केंद्र की सही जानकारी समय पर नहीं मिलती — खासकर शहरी इलाकों में यह समस्या आम है.

पहले वोटर्स को अपने बूथ की जानकारी ECINET या ElectoralSearch.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर हासिल करनी पड़ती थी, लेकिन हर किसी के लिए यह प्रक्रिया आसान नहीं थी. अब वही काम सिर्फ कुछ क्लिक में हो जाएगा.

जानिए कैसे मिलेगा आपका बूथ
चुनाव आयोग ने जानकारी पाने की यह प्रक्रिया बेहद आसान रखी है —
- सबसे पहले मतदाता को अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा.
- इसके बाद भाषा का चयन करना होगा.
- फिर EPIC नंबर (मतदाता पहचान संख्या) डालनी होगी.
- अपने जिले और क्षेत्र से संबंधित जानकारी चुनकर नाम का मिलान करें.
- अंत में संबंधित टैब पर क्लिक करते ही बूथ की पूरी डिटेल स्क्रीन पर आ जाएगी.





