मनोरंजन

शाहिद कपूर की ‘फर्जी 2’ को लेकर बड़ी अपडेट, दिसंबर में शुरू होगी शूटिंग

दर्शकों का लंबे समय से चला आ रहा इंतज़ार अब खत्म होता नजर आ रहा है, क्योंकि ‘फर्जी 2’ को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल की शूटिंग दिसंबर 2025 में शुरू होने वाली है। फिलहाल, डायरेक्टर राज एंड डीके अपनी अगली सीरीज ‘रक्त ब्रह्माण्ड: द ब्लडी किंगडम’ पर काम कर रहे हैं। इसके बाद वे पूरी तरह से ‘फर्जी 2’ की तैयारियों में जुट जाएंगे।

‘फर्जी’ का पहला सीजन साल 2023 में ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हुआ था, जिसने आते ही दर्शकों के बीच तहलका मचा दिया था। इस क्राइम-थ्रिलर में शाहिद कपूर ने सनी नाम के एक युवक का किरदार निभाया था, जो अपने दोस्त के साथ मिलकर नकली नोट छापता है और देश की अर्थव्यवस्था को चुनौती देता है। इस नए अंदाज़ में शाहिद को दर्शकों ने खूब सराहा और सीरीज ने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की।

‘फर्जी 2’ की कहानी पहले से ज्यादा दमदार और रोमांचक बताई जा रही है। इस बार शाहिद कपूर का आमना-सामना होगा विजय सेतुपति और के.के. मेनन जैसे धुरंधर कलाकारों से। विजय सेतुपति ने पहले सीजन में एक ईमानदार पुलिस अफसर की भूमिका निभाई थी, जबकि के.के. मेनन ने उस गिरोह के सरगना का रोल किया था, जिसके लिए सनी (शाहिद) नकली नोट बनाता है। साथ ही भुवन अरोड़ा भी अपने पुराने किरदार में लौटेंगे।

अगर सबकुछ योजना के अनुसार चलता है, तो ‘फर्जी 2’ साल 2026 की दूसरी छमाही में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो सकती है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन इतना तय है कि इस बार भी नकली पैसों की इस खतरनाक दुनिया में एक्शन, थ्रिल और पावरपैक टक्कर देखने को मिलेगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button