भूपेंद्र पटेल की नई टीम तैयार, 26 मंत्रियों ने ली शपथ

गुजरात में नई भाजपा मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो गया है। पार्टी ने कुल 26 मंत्रियों की सूची जारी की है। इस सूची में स्वरूपजी ठाकोर, प्रवीणकुमार माली, रुशिकेश पटेल, दर्शना वाघेला, कुंवरजी बावलिया, रिवाबा जाडेजा, अर्जुन मोढवाडिया, परषोत्तम सोलंकी, जीतेन्द्र वाघानी, प्रफुल्ल पानशेरिया, हर्ष सांघवी और कनुभाई देसाई जैसे नाम शामिल हैं।
इस नए मंत्रिमंडल में हर्ष सांघवी को गुजरात का नया डिप्टी सीएम बनाया गया है। वहीं, जीतेन्द्र वाघाणी ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर मंत्रिपरिषद के सभी अन्य मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था।
#WATCH | Gandhinagar | Harsh Sanghavi takes oath as Deputy Chief Minister of Gujarat pic.twitter.com/rJ5fYP4utC
— ANI (@ANI) October 17, 2025
भाजपा विधायक लविंगजी ठाकोर ने कहा, “आज मुझे मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण मिला है, इसलिए मैं वहां आकर बहुत खुश हूं। पहले भी क्षत्रिय समुदाय के कई लोगों को मंत्री बनाया गया है और आज फिर से मंत्री बनाया जाएगा। पार्टी जिसे भी मंत्री बनाएगी, हम खुश हैं। मुझे भाजपा पर पूरा भरोसा है, जो हर समुदाय का समान रूप से सम्मान करती है।”
वहीं, भाजपा विधायक कन्हैयालाल किशोरी ने कहा, “पार्टी ने हमें सुबह 11.30 बजे का समय दिया है। हम समारोह में शामिल होंगे और नए मंत्रियों को बधाई देंगे। इससे गुजरात और अधिक विकसित होगा। सभी विधायक और पार्टी कार्यकर्ता वहां मौजूद रहेंगे।” विश्लेषकों का मानना है कि यह मंत्रिपरिषद में बदलाव भाजपा के मिशन 2027 के लिए अहम है। पार्टी आगामी निकाय चुनावों में सामाजिक समीकरणों को परखने की तैयारी कर रही है। नए युवा विधायकों को मंत्रिपरिषद में शामिल करने से युवा नेताओं का हौसला बढ़ेगा और सरकार में ओबीसी और पाटीदार समुदाय का प्रतिनिधित्व भी मजबूत होगा।
विश्लेषकों के अनुसार, यह कदम भाजपा के लिए यह सुनिश्चित करने में मदद करेगा कि पाटीदार, ओबीसी और शहरी वर्ग का संतुलन बना रहे। साथ ही, पुराने चेहरों को बदलकर पार्टी लंबे समय से चल रही सरकार के खिलाफ होने वाली एंटी-इंकंबेंसी को भी कम कर रही है।





