खेल

BCCI का बड़ा फैसला: शुभमन गिल को सौंपी टेस्ट टीम की बागडोर

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के नए टेस्ट कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया है। 24 मई को मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने घोषणा की कि युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई है। वह भारत के 37वें टेस्ट कप्तान होंगे। गिल को यह जिम्मेदारी रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद दी गई है।

गिल की कप्तानी में टीम इंडिया अगले महीने इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। यह सीरीज 20 जून से लीड्स क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगी। टीम के उपकप्तान के रूप में ऋषभ पंत को चुना गया है।


बीसीसीआई ने इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम का भी ऐलान कर दिया है। टीम में कई युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जिसमें यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर और नीतीश रेड्डी जैसे नाम शामिल हैं। अनुभवी खिलाड़ियों में केएल राहुल, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव भी टीम का हिस्सा हैं। ऑलराउंडरों के रूप में वाशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर को जगह दी गई है, वहीं तेज गेंदबाजी विभाग में प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और आकाश दीप जैसे युवा गेंदबाजों को भी टीम में शामिल किया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर पंत के अलावा ध्रुव जुरेल को भी मौका मिला है।

इस दौरे पर भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 20 जून को लीड्स में पहले टेस्ट से होगी। इससे पहले 13 जून को भारत बेकेनहम में इंडिया-ए के खिलाफ एक प्रैक्टिस मैच खेलेगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 2 जुलाई को बर्मिंघम में, तीसरा 10 जुलाई को लॉर्ड्स में, चौथा 23 जुलाई को मैनचेस्टर में और पांचवां व अंतिम टेस्ट 31 जुलाई को द ओवल में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस दौरे पर एक नई शुरुआत करने जा रही है, जिससे फैंस को टीम के दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button