मिड-डे मील में निकला सांप का बच्चा, खाना खाते ही सैकड़ों बच्चों की बिगड़ी तबीयत

बिहार के सहरसा जिले से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल में बच्चों को परोसे गए मिड-डे मील में सांप का बच्चा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद सैकड़ों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
यह घटना सहरसा के महिषी ब्लॉक स्थित मिडिल स्कूल बलुआहा की बताई जा रही है। गुरुवार को रोज की तरह स्कूल में बच्चों को NGO की ओर से मिड-डे मील परोसा गया था। बच्चे खाना खा ही रहे थे कि इसी दौरान एक छात्र को परोसे जा रहे खाने में सांप का बच्चा दिखाई दिया।
सांप मिलने की खबर फैलते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में कई बच्चों ने पेट दर्द और घबराहट की शिकायत शुरू कर दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में बच्चे दर्द से तड़पने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और अस्पताल को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ बच्चों को अपनी गाड़ियों से स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इसके बाद अस्पताल से एंबुलेंस भेजी गईं और बाकी बच्चों को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
कई बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। जिला अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और उस NGO के किचन सेंटर में जांच टीम भेजी गई है, जहां कई स्कूलों के लिए मिड-डे मील तैयार किया जाता है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि खाने में सांप कैसे पहुंचा।




