भुवनेश्वर में अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़, 12 आरोपी गिरफ्तार

भुवनेश्वर पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सोमवार (12 जनवरी 2026) को इस कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रविवार (11 जनवरी 2026) को भुवनेश्वर के बड़ागड़ा थाना क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारा गया। इस दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 7 बिहार, 4 केरल और 1 ओडिशा का रहने वाला है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से साइबर ठगी की गतिविधियों में शामिल था। भुवनेश्वर पुलिस द्वारा बताया गया कि गिरोह लोगों को तीन तरीके से ठगता था—गिफ्ट वाउचर, लॉटरी टिकट और ऋण/लोन का झांसा। आरोपियों ने देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाया।
पुलिस कमिश्नर एस. देव दत्त सिंह ने कहा, “अरोपियों के पास से 30 साधारण कीपैड मोबाइल फोन, 30 स्मार्टफोन, 2 लैपटॉप, स्क्रैच कार्ड और कुछ पत्र जब्त किए गए हैं। फिलहाल इस फ्रॉड में शामिल कुल रकम का आकलन किया जा रहा है।”
भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा ने बताया कि आरोपी भुवनेश्वर में एक बड़ा साइबर धोखाधड़ी गिरोह चला रहे थे और उनका नेटवर्क अंतरराज्यीय था। पुलिस ने इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और ठगी की विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
यह मामला देश में बढ़ती साइबर क्राइम की घटनाओं के बीच सामने आया है और पुलिस ने जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है।





