अमेरिका: डोनाल्ड ट्रंप को जान का खतरा, हथियार के साथ रैली में पकड़ा गया फर्जी पत्रकार, पढ़ें
अमेरिका: डोनाल्ड ट्रंप को जान का खतरा, हथियार के साथ रैली में पकड़ा गया फर्जी पत्रकार, पढ़ें
अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होना है। इससे पहले सभी उम्मीदवार जनसभा और रैलियां कर अपनी-अपनी पार्टी के लोगों से मिलकर उनसे वोट मांग रहे हैं। ऐसे में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप लोगों के बीच पहुंच रहे हैं, लेकिन इस दौरान उन पर जान का खतरा भी मंडरा रहा है। एक बार फिर ट्रंप की एक रैली के पास एक शख्स को दो हथियारों के साथ पकड़ा गया।
पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार रात डोनाल्ड ट्रंप की रैली हो रही थी। इस दौरान व्यक्ति ट्रंप की रैली के पास आ पहुंचा। उसके पास से गाड़ी में एक शॉटगन, भरी हुई पिस्टल, गोला-बारूद और कई नकली पासपोर्ट बरामद हुए हैं। स्थानीय पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से लंबी पूछताछ के बाद संदिग्ध व्यक्ति को उसी दिन 5,000 डॉलर की जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति लास वेगास का रहने वाला है। उसकी उम्र 49 साल है। वह एक बिना रजिस्ट्रेशन वाली काले रंग की एसयूवी चला रहा था, जिस पर होममेड लाइसेंस प्लेट लगी हुई थी।
चुनावी रैली के पास पुलिस की पूछताछ में कार में सवार संदिग्ध चालक ने खुद को जर्नलिस्ट होने का दावा किया। उसके पास कुछ भी जर्नलिस्ट होने के प्रमाणिक दस्तावेज नहीं थे। पुलिस को शक हुआ तो उसके कार की जांच की गई। तभी उसके कार में लोडेड गन, हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए।





