भारत

एयर इंडिया हादसे की जांच जारी, ब्लैक बॉक्स भारत में ही जांच के दायरे में: नागरिक उड्डयन मंत्री

अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच भारत में ही की जा रही है और उसका ब्लैक बॉक्स विदेश नहीं भेजा गया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने मंगलवार को यह स्पष्ट करते हुए उन अटकलों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि विमान का ब्लैक बॉक्स जांच के लिए विदेश भेजा जाएगा।

गौरतलब है कि 12 जून को लंदन जा रहा एअर इंडिया का एक विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक छात्रावास की इमारत पर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस भीषण हादसे में 270 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 241 यात्री शामिल थे। हादसे में एकमात्र यात्री जीवित बच पाया था। 13 जून को घटनास्थल से विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद किया गया था। यह ब्लैक बॉक्स विमान के उड़ान संबंधी सभी अहम डेटा रिकॉर्ड करता है और किसी भी विमान हादसे की असली वजह जानने में मदद करता है। ब्लैक बॉक्स के मिलने के बाद से विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) इसकी विस्तृत जांच कर रहा है।

मंत्री नायडू ने कहा कि यह एक तकनीकी जांच है, जिसमें समय लग सकता है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वह जांच एजेंसी को पूरी प्रक्रिया करने दे। उन्होंने यह जानकारी एक कार्यक्रम के दौरान दी, जिसे फिक्की और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने संयुक्त रूप से आयोजित किया था। सरकार ने हादसे के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय पैनल भी गठित किया है। मंत्री ने भरोसा जताया कि ब्लैक बॉक्स से हादसे से जुड़े जरूरी सुराग मिलेंगे, जिससे यह समझने में मदद मिलेगी कि विमान के साथ दुर्घटना के समय क्या हुआ था।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button