पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाक कलाकारों पर कसा शिकंजा, इंस्टाग्राम अकाउंट किए बंद

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों के बाद अब लोकप्रिय पाकिस्तानी कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारत में बैन कर दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मशहूर अभिनेत्री माहिरा खान, हानिया आमिर, आयजा खान और इकरा अजीज समेत कई पाकिस्तानी सितारों के इंस्टाग्राम अकाउंट भारतीय यूजर्स के लिए ब्लॉक कर दिए गए हैं। इन सितारों की भारत में बड़ी फैन फॉलोइंग रही है और उनकी फिल्मों और टीवी शोज को भारतीय दर्शकों का भरपूर प्यार मिलता रहा है।



विशेष रूप से हानिया आमिर ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के प्रति समर्थन व्यक्त किया था। उन्होंने इस घटना पर दुख जताते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में भारतीय रैपर बादशाह का गाना भी साझा किया था। बावजूद इसके, भारत-पाक तनाव के माहौल में उनका अकाउंट भी बैन कर दिया गया है।

बैन की सूची में अली जफर और इकरा अजीज हुसैन भी शामिल हैं। हालांकि, आश्चर्यजनक रूप से अभिनेता फवाद खान का इंस्टाग्राम अकाउंट अब भी भारत में सक्रिय है। फवाद खान जल्द ही बॉलीवुड फिल्म ‘अबीर गुलाल’ के साथ वापसी करने वाले थे, लेकिन पहलगाम हमले के बाद इस फिल्म पर भी भारत में बैन लगा दिया गया है।

भारत सरकार के इस कदम को दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव और सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर देखा जा रहा है।





