‘सितारे जमीन पर’ से आमिर खान की बड़े पर्दे पर वापसी, रिलीज डेट और स्टार कास्ट का खुलासा

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ को लेकर सोशल मीडिया पर लंबे समय से चर्चा थी, और अब खुद आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म का पहला पोस्टर और रिलीज डेट जारी कर दी है।
आमिर खान प्रोडक्शंस द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए पोस्टर में आमिर खान सफेद टी-शर्ट में बेहद हैंडसम लग रहे हैं, जिस पर बास्केटबॉल और हूप की तस्वीर बनी हुई है। पोस्टर पर टैगलाइन दी गई है— “सितारे जमीन पर… सबका अपना-अपना नॉर्मल”। एक अन्य तस्वीर में आमिर बास्केटबॉल के साथ स्टूल पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और उनके चारों ओर कई युवा कलाकार विक्ट्री साइन के साथ नजर आ रहे हैं।
View this post on Instagram
फिल्म 20 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे “प्यार, हंसी और खुशी का जश्न मनाती फिल्म” बताया गया है। खास बात ये है कि आमिर इस फिल्म के जरिए 10 नए चेहरों को लॉन्च कर रहे हैं—अरूष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, सम्वित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शाहानी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर।
2007 की दिल छू लेने वाली फिल्म ‘तारे जमीन पर’ के बाद अब आमिर ‘सितारे जमीन पर’ के जरिए फिर एक बार बच्चों की दुनिया और उनके संघर्ष को बड़े पर्दे पर उतारने जा रहे हैं। हालांकि यह फिल्म पहले की कहानी से अलग होगी, लेकिन थीम में उसी संवेदनशीलता की झलक देखने को मिलेगी।
फिल्म में आमिर खान के साथ अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। निर्देशन की कमान आर.एस. प्रसन्ना ने संभाली है, जो ‘शुभ मंगल सावधान’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म का संगीत शंकर-एहसान-लॉय ने तैयार किया है, जबकि गीत अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। स्क्रीनप्ले दिव्य निधि शर्मा ने लिखा है और फिल्म के निर्माता हैं आमिर खान व अपर्णा पुरोहित।
फिल्म के पोस्टर और स्टारकास्ट के खुलासे के बाद फैंस का उत्साह चरम पर है। अब सभी की निगाहें 20 जून पर टिकी हैं, जब आमिर खान दो साल के अंतराल के बाद एक बार फिर दिलों को छूने आ रहे हैं।





