वीडियो

वायरल वीडियो: व्हाइट हाउस की बाड़ पार कर अंदर घुसा नन्हा बच्चा

अमेरिका में एक अनोखी घटना घटी, जब एक नन्हा बच्चा व्हाइट हाउस की बाड़ के बीच से निकलकर अंदर घुस गया। यह नजारा वहां मौजूद सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने देखा और तुरंत हरकत में आकर बच्चे को पकड़ लिया। कुछ ही देर में सुरक्षा एजेंटों ने उसे उसके माता-पिता के पास सुरक्षित पहुंचा दिया।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक एजेंट बच्चे को गोद में उठाकर व्हाइट हाउस के लॉन से बाहर लाते हुए दिख रहा है। वह बच्चे को दूसरे अधिकारी को सौंपता है, जो उसे माता-पिता तक ले जाता है।

सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिल्मी ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम लगभग 6:30 बजे हुई, जो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ऑटो टैरिफ घोषणा के करीब एक घंटे बाद की बात है। प्रवक्ता के अनुसार, बच्चे को बाड़ के बीच से अंदर जाते देखा गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंटों ने बिना किसी परेशानी के उसे उसके माता-पिता तक पहुंचा दिया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है और यूजर्स ने इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा, “वह बस व्हाइट हाउस में खेलना चाहता था!” वहीं, दूसरे ने मजाक में कहा, “वह असल में एक छोटा जासूस था, जो सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा को टेस्ट कर रहा था!”

यह पहली बार नहीं है जब व्हाइट हाउस की बाड़ पार कर कोई बच्चा अंदर घुसा हो। 2023 में भी एक बच्चा उत्तरी लॉन की धातु की बाड़ के बीच से निकलकर अंदर चला गया था। तब सुरक्षा एजेंटों ने कुछ देर पूछताछ करने के बाद उसे उसके माता-पिता से मिलवा दिया था।

हाल ही में, एक अन्य घटना में काले कपड़े पहने एक व्यक्ति व्हाइट हाउस की सुरक्षा बाड़ पर चढ़ते समय फंस गया था। हालांकि, अधिकारियों ने उसकी पहचान उजागर नहीं की और न ही उसके मकसद के बारे में कोई जानकारी दी। व्हाइट हाउस का परिसर करीब 18 एकड़ में फैला हुआ है और इसे उन्नत सुरक्षा प्रणालियों, सीक्रेट सर्विस एजेंटों और मिशन सपोर्ट स्टाफ द्वारा सुरक्षित किया जाता है।

Show More
Back to top button