भारत

भारी विपक्षी हंगामे के बीच लोकसभा से एंटी-पेपर लीक बिल हुआ पारित

लोकसभा ने बुधवार को भारी हंगामे के बीच सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 यानी एंटी-पेपर लीक बिल को ध्वनिमत से पारित कर दिया। अब इस बिल को चर्चा और मंजूरी के लिए राज्यसभा में पेश किया जाएगा।

बिल पर चर्चा के दौरान सदन में कई बार हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाषण पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने आपत्ति जताई और उनके बयान के समर्थन में तथ्य पेश करने की मांग की। इसको लेकर सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया।

हंगामे के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सत्ता पक्ष के सांसदों से शांत रहने की अपील की और राहुल गांधी से अपना भाषण पूरा करने का आग्रह किया। इसके बाद राहुल गांधी ने दोबारा बोलना शुरू किया और कहा कि बल प्रयोग की मंजूरी केवल गृह मंत्री या प्रधानमंत्री ही दे सकते हैं। इस बयान के बाद एक बार फिर सदन में हंगामा शुरू हो गया और सत्ता पक्ष ने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की।

वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विपक्ष पर अहम मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण बिल पर सुझाव देने के बजाय विपक्ष राजनीति कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता ने असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। जितेंद्र सिंह ने कहा कि देश के युवाओं को ‘मूर्ख’ कहना बेहद गलत है और इससे दुखद कुछ नहीं हो सकता।

Show More
Back to top button