असम बाढ़ से हाहाकार, मृतकों की संख्या बढ़कर 66 हुई, CM सरमा ने 12 करोड़ के राहत पैकेज का किया एलान
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए 12 करोड़ रुपये के राहत अभियान की घोषणा की है और पार्टी कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील की है।

असम में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। राज्य में बाढ़ की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। गुवाहाटी अर्बन में भी एक व्यक्ति की जान चली गई है। बिगड़ते हालात को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत कार्यों में जुटे हैं।
12 करोड़ रुपये के राहत अभियान का एलान
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को एक बड़े राहत अभियान की घोषणा की है। इसके तहत असम राज्य बीजेपी की ओर से बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में राहत सामग्री बांटी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत बाढ़ से प्रभावित 2 लाख महिलाओं को मेखला-चादोर और 2 लाख बच्चों को कपड़े दिए जाएंगे। इस पूरे अभियान पर लगभग 12 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
कार्यकर्ताओं से चंदे की अपील
इस राहत राशि को जुटाने के लिए सीएम सरमा ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से आगे आने की अपील की है।
-
जो कार्यकर्ता 2,000 रुपये से कम का दान देना चाहते हैं, वे अपने स्थानीय विधायकों को राशि दे सकते हैं।
-
2,000 रुपये से अधिक का दान देने वाले लोग पार्टी के आधिकारिक खाते में चेक जमा कर सकते हैं।
-
पार्टी की ओर से बैंक खाता संख्या सोशल मीडिया पर साझा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया है कि अगले 4-5 दिनों के भीतर इस लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा। इस फंड से शिवसागर, चराइदोई, गोलाघाट और जोरहाट जिलों के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद की जाएगी।





