Anahat Singh ने रचा इतिहास, 2026 वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप जीतकर बनीं ऐसा करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी

कनाडा के ओंटारियो में खेले गए खिताबी मुकाबले में मिस्र की रुकैय्या सालेम को सीधे गेमों में हराकर 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गजों ने दी बधाई।
ऐतिहासिक जीत और फाइनल मुकाबले का रोमांच
भारत की स्टार स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर दिया है। उन्होंने 2026 वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया है। इसी के साथ वह यह प्रतिष्ठित जूनियर वर्ल्ड टाइटल जीतने वाली पहली भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी बन गई हैं।
कनाडा के ओंटारियो (नायारा-ऑन-द-लेक) में खेले गए महिला सिंगल्स के फाइनल मुकाबले में वर्ल्ड नंबर 20 अनाहत सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने मिस्र की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी रुकैय्या सालेम को 11-3, 11-7 और 11-9 से सीधे गेमों में करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ ही व्यक्तिगत जूनियर वर्ल्ड चैंपियन बनने का भारत का दो दशक से अधिक पुराना इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है।
मिस्र के लंबे दबदबे को किया खत्म
यह जीत भारतीय खेल जगत के लिए बेहद खास है क्योंकि पिछले कई सालों से जूनियर महिला वर्ग में मिस्र के खिलाड़ियों का एकछत्र राज था। अनाहत ने इस वर्चस्व को तोड़ते हुए पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन नियंत्रण दिखाया।
इससे पहले साल 2005 में जोशना चिनप्पा फाइनल तक पहुंचने वाली एकमात्र भारतीय थीं, जो उपविजेता रही थीं। अनाहत ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए सोने का तमगा हासिल किया है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनाहत ने अपने छह मुकाबलों में से केवल दो गेम गंवाए और अपने अभियान पर पूरी तरह हावी रहीं।
जीत के बाद क्या बोलीं अनाहत सिंह?
अपनी इस ऐतिहासिक सफलता के बाद अनाहत ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अभी भी यकीन नहीं हो रहा है और ऐसा लगता है जैसे वह कोई सपना देख रही हैं। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट उनके लिए मानसिक रूप से काफी संघर्षपूर्ण रहा था क्योंकि पिछले कुछ वर्षों से वह क्वार्टरफाइनल और सेमीफाइनल में हार रही थीं। जूनियर वर्ग में यह उनका आखिरी साल था और यह उनका एकमात्र मौका था, जिसे उन्होंने पूरी मेहनत से भुनाया।
प्रधानमंत्री और खेल जगत से मिली बधाइयां
अनाहत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देश भर से बधाइयों का तांता लग गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि 2026 वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
A historic feat at the 2026 World Junior Squash Championship.
Proud of Anahat Singh for winning the Gold Medal and becoming the first Indian squash player ever to win the World Junior Championship title. This accomplishment will further popularise squash among the youth.… pic.twitter.com/NtvHnrKNDQ
— Narendra Modi (@narendramodi) July 26, 2026





