भारत

वर्धा में रफ्तार का कहर, ट्रक-कार की टक्कर के बाद जिंदा जले 6 लोग

महाराष्ट्र के वर्धा जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंबई-नागपुर को जोड़ने वाले समृद्धि महामार्ग पर एक कंटेनर ट्रक के पलटने के बाद पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के नीचे दब गई और दोनों वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों समेत कुल छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। इससे पहले इथेनॉल से भरा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे सड़क पर इथेनॉल फैल गया। इसके बाद ट्रैफिक को दूसरी लेन से निकाला जा रहा था।

इसी दौरान पुणे से वर्धा लौट रही एक कार को पीछे से मिर्च से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ट्रक के नीचे फंस गई और दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार चारों लोग और ट्रक चालक व उसका हेल्पर बाहर नहीं निकल सके।

मृतकों की पहचान वर्धा के सलोड निवासी राजेश टिपले, उनकी पत्नी सुषमा टिपले, बेटी जाह्नवी टिपले और ड्राइवर अंकुश राउत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार अपनी बेटी को पुणे में एमबीए कॉलेज छोड़कर वापस घर लौट रहा था। वहीं ट्रक चालक संजय कुमार और हेल्पर समरजीत पाल की भी इस हादसे में मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे सेफ्टी पेट्रोल, वर्धा पुलिस, फायर ब्रिगेड और महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MSRDC) की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव कार्य के साथ ही यातायात को सामान्य करने का काम शुरू किया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं आंकड़ों के अनुसार, समृद्धि एक्सप्रेसवे पर साल 2025 में 185 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जो 2024 के मुकाबले करीब 35 प्रतिशत अधिक हैं।

Show More
Back to top button