
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी शुक्रवार, 17 जुलाई को पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य में 2,500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इस दौरे का मुख्य फोकस राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और रेलवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर है।
स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
इस दौरे में करीब 1,200 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाएं शामिल हैं, जो उत्तर भारत में चिकित्सा उपचार, अनुसंधान और शिक्षा को और उन्नत बनाने में मदद करेंगी। पीएम मोदी चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर (PGIMER) की दो नई सुविधाओं – ‘एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर’ और ‘एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर’ का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत एक 150-बेड वाले क्रिटिकल केयर अस्पताल ब्लॉक की आधारशिला भी रखी जाएगी।
नई ट्रेन और रेलवे आधुनिकीकरण
प्रधानमंत्री इस दौरे में नई ‘संत रविदास एक्सप्रेस’ ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन अमृतसर के छहेर्टा से वाराणसी के बीच चलेगी। यह सेवा उन श्रद्धालुओं के लिए बेहद मददगार होगी जो वाराणसी में गुरु रविदास जन्म स्थान मंदिर के दर्शन के लिए जाते हैं। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन – बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी।
साथ ही, जालंधर से पीएम मोदी देश भर के 75 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की शुरुआत करेंगे, जिसमें ऐतिहासिक जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन भी शामिल है।
राजनीतिक रूप से अहम दौरा
राजनीतिक गलियारों में भी इस दौरे पर सबकी नजरें हैं। यह दौरा पंजाब में भाजपा की नई चुनावी रणनीति के बाद प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वह आने वाले चुनावों में पंजाब में स्वतंत्र रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी।





