इंडोनेशिया दौरे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत, राष्ट्रपति प्रबोवो ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे। इंडोनेशिया के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही वहां की वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को विशेष एस्कॉर्ट दिया। जकार्ता पहुंचने पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इंडोनेशिया दौरा प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा का पहला चरण है। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का भी दौरा करेंगे। रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’, ‘महासागर विजन’ और स्वतंत्र एवं खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया में रहेंगे। इस दौरान वह दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे, भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल प्रांबानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे।
दोनों देशों के बीच होने वाली वार्ता में रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स) और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इंडोनेशिया, आसियान देशों में भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वहीं, 130 से अधिक भारतीय कंपनियां इंडोनेशिया में निवेश कर रही हैं।





