भारत दौरे पर जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची का भव्य स्वागत, राष्ट्रपति भवन में मिला गार्ड ऑफ ऑनर

New Delhi: जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची (Sanae Takaichi) का गुरुवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया। भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पहुंचीं ताकाइची का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
यह दौरा भारत और जापान के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को नई मजबूती देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत
राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों तथा वरिष्ठ अधिकारियों से परिचित कराया। इसके बाद दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय वार्ता से पहले औपचारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन पर रहेगी नजर
औपचारिक स्वागत के बाद दोनों नेता भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा, प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, आपूर्ति श्रृंखला, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
विशेषज्ञों के अनुसार, दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर भी जोर देंगे।
जापान ने भारत का जताया आभार
राष्ट्रपति भवन में मिले स्वागत के बाद जापान के कैबिनेट पब्लिक रिलेशंस ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारत का धन्यवाद किया।
पोस्ट में कहा गया, “आपके गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए हार्दिक धन्यवाद। भारत की यात्रा को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं।”
बुधवार शाम भारत पहुंचीं ताकाइची
जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची बुधवार शाम नई दिल्ली पहुंचीं। यह प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है।
पालम तकनीकी हवाई अड्डे पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारत सरकार की ओर से उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जापानी प्रधानमंत्री के भारत आगमन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्वागत संदेश साझा किया।
उन्होंने लिखा कि भारत, साने ताकाइची की पहली आधिकारिक यात्रा की मेजबानी कर प्रसन्न है और दोनों देशों के बीच स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप को और मजबूत बनाने के लिए व्यापक चर्चा का इंतजार है।
कई अहम समझौतों की उम्मीद
भारत-जापान शिखर वार्ता के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, नई तकनीक, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज (Critical Minerals), आपूर्ति श्रृंखला और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर कई अहम फैसले और समझौते होने की संभावना है।
दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में संतुलन और आर्थिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





