हल्दिया रिफाइनरी में भीषण आग, नैफ्था पाइपलाइन में धमाके के बाद 20 लोग झुलसे, 6 की हालत गंभीर

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के हल्दिया स्थित हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (HPL) में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में कम से कम 20 लोग घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया है।
सुबह 5 बजे लगी आग, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, आग मंगलवार सुबह करीब 5 बजे नैफ्था (Naphtha) ले जाने वाली पाइपलाइन में लगी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास रहने वाले लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
Haldia स्थित रिफाइनरी में Naphtha Pipeline में आग लगने के बाद भीषण आग फैल गई। हादसे में कई कर्मचारी घायल हो गए। दमकल और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और राहत-बचाव कार्य में जुट गईं।#Haldia #RefineryFire #WestBengal #Fire #IndustrialAccident #BreakingNews pic.twitter.com/39VLjRLIiQ
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) June 30, 2026
कई झोपड़ियां जलकर राख
आग की चपेट में आने से पाइपलाइन के पास बनी कई झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इनमें रहने वाले कई लोग झुलस गए। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को हल्दिया और कांथी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
नैफ्था चोरी के दौरान लीकेज की आशंका
हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (HPL) ने अपने बयान में कहा कि शुरुआती जांच में आशंका है कि पाइपलाइन के पास अवैध रूप से नैफ्था चोरी की कोशिश के दौरान लीकेज हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई।
कंपनी ने बताया कि नैफ्था अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ है और स्थानीय लोगों को पहले भी पाइपलाइन के आसपास किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचने की चेतावनी दी गई थी।
हालांकि, आग लगने की असली वजह की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं।
125 किलोमीटर दूर स्थित है हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स
हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड कोलकाता से लगभग 125 किलोमीटर दूर स्थित एक प्रमुख नैफ्था आधारित पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक पाइपलाइन में कथित चोरी के कारण रिसाव हुआ, जिससे आग फैल गई।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी की मौत की खबर नहीं है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।





