
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दक्षिण दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन स्थित एक रिहायशी इमारत में 5 साल की बच्ची की 10वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा शनिवार रात लगभग 10:30 बजे हुआ।
क्या है पूरा मामला?
प्राथमिक जांच के अनुसार, बच्ची शनिवार शाम को जल्दी सो गई थी। जब उसके माता-पिता घर के कामों में व्यस्त थे, तब बच्ची की नींद खुल गई। अपनी मां को न पाकर वह बालकनी की ओर गई और रेलिंग से नीचे झांकते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिर गई।
घटना के तुरंत बाद उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची के पिता मिथुन दास इलाके में ही मछली की दुकान चलाते हैं।
परिवार ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका है। परिजनों ने इमारत में सुरक्षा इंतजामों की कमी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। एक रिश्तेदार ने बताया, “अगर बालकनी में सुरक्षा ग्रिल या नेट लगी होती, तो आज हमारी बच्ची जीवित होती। ऐसी ऊंची इमारतों में बच्चों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था होनी चाहिए”।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और परिवार के सदस्यों तथा पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।





