ओमान के पास कारोबारी जहाज पर हमला, 21 भारतीयों को बचाया गया, 3 की तलाश जारी

नई दिल्ली: ओमान के तट के पास कारोबारी जहाज Settebello पर हुए हमले की भारत सरकार ने कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को बताया कि जहाज पर सवार 24 भारतीय क्रू सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 3 भारतीय अब भी लापता हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान में सहयोग कर रहा है।
भारत ने क्षेत्र में जहाजों को निशाना बनाए जाने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है। मंत्रालय ने कहा कि तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जरूरी हैं और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर चलने वाले कारोबारी जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस बीच, ओमान में भारतीय दूतावास लापता भारतीयों की तलाश और बचाव कार्य में सक्रिय रूप से जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ओमान के तट के पास MT Marivex नामक तेल टैंकर भी दुर्घटना का शिकार हुआ था। उस जहाज पर सवार सभी 24 भारतीयों को ओमानी अधिकारियों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया था।





